Wednesday, 31 January 2024

नहीं रहे श्री संजय सिंह, मधुर और मिलनसार स्‍वभाव के लिए संवर्ग के अधिकारियों ने उन्‍हें याद किया

शोक संदेश


प्रिय मित्रो, 

आज सीओएलएस परिवार के एक वरिष्‍ठ अधिकारी श्री संजय सिंह, उप निदेशक के अकस्‍मात निधन का दुखद समाचार प्राप्‍त हुआ है। श्री संजय सिंह इस समय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय में उप निदेशक के पद पर कार्यरत थे।  प्राप्‍त जानकारी के अनुसार कल देर रात हृदयघात के कारण उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया परंतु उन्‍हें नहीं बचाया जा सका। श्री सिंह के परिवार में उनकी माता जी, उनकी धर्मपत्‍नी और एक पुत्री हैं। श्री सिंह के परिवार पर निश्चित ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

श्री संजय सिंह इससे पूर्व डीजीएफटी और सीपीडब्‍ल्‍यूडी जैसे विभागों में अपनी सेवाएं दे चुके थे। श्री सिंंह के साथ कार्य कर चुके अनुवाद अधिकारियों ने आज अपनी संवेदनाएं व्‍यक्‍त की हैं और उनके मधुर और मिलनसार स्‍वभाव के लिए उन्‍हें याद किया है। निश्चित ही यह केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा परिवार की भी अपूरणीय क्षति है। 

एसोसिएशन समस्‍त अनुवाद अधिकारियों की ओर से शोक संतप्‍त परिवार के प्रति अपनी संवदेनाएं व्‍यक्‍त करती है और ईश्‍वर से प्रार्थना करती है कि दिवंगत आत्‍मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस असहनीय कष्‍ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 



Monday, 1 January 2024

अनुवाद अधिकारियों की पदोन्‍नति के लिए एसोसिएशन ने विभाग का आभार व्‍यक्‍त किया और सचिव महोदया को भेंट की कैलेंडर की पहली प्रति

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हाल ही में सभी स्‍तरों पर राजभाषा विभाग द्वारा की गई पदोन्‍नतियों के लिए विभाग के सभी अधिकारियों का आभार व्‍यक्‍त किया। एसोसिएशन के सदस्‍योंं ने अध्‍यक्ष, श्री सौरभ आर्य के नेतृत्‍व में सर्वप्रथम सचिव महोदया, श्रीमती अंशुली आर्या जी से मुलाकात की और पदोन्‍नतियों को संभव बनाने के लिए समस्‍त अनुवाद अधिकारियों  की ओर से आभार व्‍यक्‍त किया। आदरणीय सचिव महोदया ने भी एसोसिएशन के पदाधिकारियोंं को अपनी शुभकामनाएं दी और इसी प्रकार अच्‍छा कार्य करते रहने के लिए प्रोत्‍साहित किया। 

आदरणीय सचिव महोदया को पुष्‍पगुच्‍छ भेंट करते हुए एसोसिएशन के पदाधिकारी

आज आदरणीय संयुक्‍त सचिव महोदया के अवकाश पर होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। परंतु एसोसिएशन उनके प्रति भी आभार प्रकट करती है। 

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभाग के सभी अधिकारियों से व्‍यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका आभार प्रकट किया। इन पदोन्‍नतियों को संभव बनाने में सेवा प्रभाग के निदेशक, श्री रमांकात जी, श्री राजेश कुमार, सहायक निदेशक (सेवा) श्री जगदीश चंद्र, अनुभाग अधिकारी, श्री कृष्‍ण कालस, वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी तथा एएसओ, श्री डबास का विशेष योगदान रहा। एसोसिएशन ने सभी संबंधित अधिकारियों का आभार प्रकट किया। 

इसके साथ ही एसोसिएशन ने विभाग की सचिव महोदया को एसोसिएशन के कैलेंडर की पहली प्रति भेंट कर कलेंडर वितरण अभियान की शुरुआत की। तदुपरांत, विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियोंं को कैलेंडर भेंट किए गए। 

सेवा प्रभाग के अधिकारियों को सम्‍मानित करते हुए एसोसिएशन के पदाधिकारी 

सहायक निदेशक (सेवा) को सम्‍मानित करते हुए एसोसिएशन के पदाधिकारी 




Friday, 29 December 2023

सहायक निदेशकों और वरिष्‍ठ अ‍नुवाद अधिकारियों के पदोन्‍नति आदेश जारी

साथियो,

अंतत: वह सुखद क्षण आ ही गया जिसका सभी को इंतज़ार था।

वर्ष 2023 की सहायक निदेशक की कुल 25 रिक्तियों के एवज में राजभाषा विभाग द्वारा पदोन्‍नति आदेश जारी कर दिए गए हैं। उल्‍लेखनीय है कि ये रिक्तियां वर्ष 2023 की हैं। इस वर्ष यह पूरी प्रक्रिया विभिन्‍न कारणों से विलंबित होती रही। विभाग द्वारा अगस्‍त माह में राजभाषा विभाग को प्रस्‍ताव प्रस्‍तुत किया गया और यूपीएससी में 27 दिसंबर को डीपीसी संपन्‍न हुई थी।

कुल 46 एसटीओ भी हुए पदोन्‍नत: वहीं वर्ष 2024 की रिक्तियों के लिए कुल 46 वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के भी पदोन्‍नति आदेश जारी कर दिए गए हैं।

तमाम दिक्‍कतों के बावजूद इस पदोन्‍नति को संभव बनाने के लिए एसोसिएशन के साथ-साथ संबंधित स्‍टेकहोल्‍डरों सहित विभाग के अधिकारियों ने भी अनथक परिश्रम किया है। हम राजभाषा विभाग की आदरणीय सचिव महोदयाआदरणीय संयुक्‍त सचिव महोदया के विशेष आभारी हैं। इसके अतिरिक्त सहायक निदेशक (सेवा) सहित सेवा प्रभाग के सभी संबंधित पदाधिकारियों के प्रति भी आभारी हैं। सबके सामूहिक प्रयासों से यह मनोरथ सफल हुआ। कहते हैं अंत भला तो सब भला।

ये सम्भवतः पहला अवसर है जब विभाग ने अंतिम कार्यदिवस के उपरांत जारी आदेश में ही 1 जनवरी, 2024 से सभी के लिए स्टैंड रिलीव के आदेश जारी कर दिए हैं। एसोसिएशन के इस अनुरोध को स्वीकार करने के लिए एसोसिएशन विभाग की आभारी है।

 इसके साथ ही हम आशा करते हैं कि इस वर्ष से सीख लेकर भविष्‍य में और तत्‍परता से सहायक निदेशकों की पदोन्‍नति प्रक्रिया को संपन्‍न करने का प्रयास किया जाएगा और वर्ष 2024 की रिक्तियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

सभी नव पदोन्‍नत सहायक निदेशकों एवं वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

Wednesday, 27 December 2023

सहायक निदेशकोंं की डीपीसी संपन्‍न, अब आदेश का इंतज़ार

वर्ष 2023 की रिक्तियों के एवज में सहायक निदेशक की डीपीसी आज संघ लोक सेवा आयोग में संपन्‍न हो गई। इस वर्ष की लगभग 25 रिक्तियों के लिए वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी सहायक निदेशक के पद पर पदोन्‍न होंगे। 

उल्‍लेखनीय है कि ये रिक्तियां वर्ष 2023 की हैं। इस पूरे वर्ष विभिन्‍न कारणों से यह पदोन्‍नति प्रक्रिया विलंबित होती रही है। अब अंतत: वर्ष के आखिरी दिनों में डीपीसी होने से समय पर पदोन्‍नति आदेश का जारी होना और संबंधित अधिकारियों का अपने विभागों से कार्यमुक्‍त होना  चुनौतीपूर्ण विषय है। 

एसोसिएशन आशा करती है कि विभाग संबंधित अधिकारियों के संभावित आर्थिक नुकसान से बचाव के लिए हर संभव उपाय अवश्‍य करेगा। फिलहाल  पदोन्‍नत होने जा रहे सभी साथियों को हार्दिक बधाई और अग्रिम शुभकामनाएं। 

Tuesday, 12 December 2023

इधर जेटीओ के नियमितीकरण आदेश जारी, उधर एसटीओ पर पदोन्‍नति की तैयारी

साथियो, 

कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के बहुप्रतीक्षित नियमितीकरण आदेश आज दिनांक 12 दिसंबर, 2023 को जारी कर दिए गए हैं। इस आदेश में वर्ष 2017 के शेष 6 तथा वर्ष 2019 के कुल 58 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को नियमित किया गया है। सभी 64 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। 

हम आशा करते हैं कि भविष्‍य में भी नियमित रूप से नियमितीकरण संबंधी आदेश जारी किए जाते रहेंगे और नियमितीकरण की प्रकिया में कोई विलंब नहीं होगा। एसोसिएशन राजभाषा विभाग की आदरणीय सचिव महोदया, संयुक्‍त सचिव महोदया के साथ-साथ इस नियमितीकरण प्रक्रिया को संपन्‍न करने से जुड़े अन्‍य सभी अधिकारियों के प्रति भी आभार प्रकट करती है।

शीघ्र ही विभाग वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों की वर्ष 2023 की शेष रिक्तियों तथा वर्ष 2024 की रिक्तियों के लिए विभागीय पदोन्‍नति समिति की बैठक आयोजित करेगा। इसके लिए विचार क्षेत्र में शामिल कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के दस्‍तावेज विभाग द्वारा पहले ही आमंत्रित किए जा चुके हैं। एसोसिएशन सभी संबंधित कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों से अनुरोध करती है कि यदि किसी के दस्‍तावेज अभी भी विभाग तक पहुंचने शेष हों तो इस संबंध में तत्‍काल अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें। 










Friday, 10 November 2023

वरीयता सूचियों के अद्यतनीकरण के लिए विभाग को अनुस्‍मारक सौंपा

 साथियो, 

आपको स्‍मरण होगा कि केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा संवर्ग के विभिन्‍न स्‍तरों के लिए वरीष्‍ठता सूचियों के अद्यतनीकरण के संदर्भ में एसोसिएशन ने दिनांक 18 मई, 2023 को आदरणीय सचिव महोदया को एक अभ्‍यावेदन सौंपा था जिसमें अनुरोध किया गया था कि संवर्ग के सभी स्‍तरों के अधिकारियों की वरिष्‍ठता सूचियों को अधिकारियों के पूर्ण विवरण के साथ अद्यतन किया जाए। इस संबंध में बीच-बीच में भी सेवा प्रभाग को स्‍मरण कराया जाता रहा है। खेद का विषय है कि यह सूचियां दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अद्यतन नहीं की गई हैं। 

जहां वर्ष 2020 और 2022 बैच के कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों का विवरण वेबसाइट पर नहीं है। वहीं वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों का रिकॉर्ड भी दो वर्ष से अपडेट नहीं हुआ है। अधिकारियों के  प्रतिनियुक्ति पर जाने, सेवानिवृत हो, वीआरएस लेने आदि के कारण होने वाले परविर्तनों की सूचना के अभाव में कार्मिकों के लिए यह जानना नितांत असंभव हो जाता है कि वरीयता सूची में उनका वास्‍तविक स्‍थान कहां है। नियमानुसार किसी भी पदोन्‍नति से पूर्व वरीयता सूचियां सार्वजनिक की जानी चाहिएं।     

एसोसिएशन ने पुन: दिनांक 07 नवंबर, 2023 को आदरणीय सचिव महोदया को एक स्‍मरण पत्र लिखा है। हम राजभाषा विभाग से अनुरोध करते हैं कि इन सूचियों को जल्‍द से जल्‍द अद्यतन कर दिया जाए ताकि पदोन्‍नति प्रक्रिया पारदर्शी  हो सके।   




सहायक निदेशक की सीधी भर्ती परीक्षा के स्‍वरूप में परिवर्तन हेतु अभ्‍यावेदन विभाग को सौंपा गया

साथियो, 

आदरणीय सचिव महोदया के साथ एसोसिएशन की विगत बैठक में एसोसिएशन ने सहायक निदेशक की सीधी भर्ती परीक्षा के स्‍वरूप में परिवर्तन के विषय को विभाग के समक्ष उठाया था। सचिव महोदया ने एसोसिएशन के सुझावों पर सैद्धांतिक रूप से सहमति व्‍यक्‍त की थी। अब चूंकि विभाग कुछ पदों को सीधी भर्ती हेतु संघ लोक सेवा आयोग को भेजने की प्रक्रिया में है इसलिए एसोसिएशन ने दिनांक 07 नवंबर, 2023 के एक अभ्‍यावेदन के माध्‍यम से राजभाषा विभाग से इस परीक्षा के स्‍वरूप में परिवर्तन हेतु औपचारिक रूप से कुछ अनुरोध किए हैं ताकि भविष्‍य में संवर्ग को सुयोग्‍य अधिकारी प्राप्‍त हो सकें। विभाग को सौंपेे गए अभ्‍यावेदन की प्रति आप सभी के ध्‍यानार्थ :  



Monday, 6 November 2023

जेटीओ से एसटीओ की पदोन्‍नति हेतु 15 नवंबर तक दस्‍तावेज आमंत्रित

 

प्रिय साथियो,

कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी से वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी के पद पर पदोन्‍नति के सिलसिले में विभाग ने 15 नवंबर तक कुल 76 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के दस्‍तावेज आमंत्रित किए हैं। उल्‍लेखनीय है कि विभाग वर्ष 2023 की रिक्तियों के एवज में 18 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को दिसंबर, 2022 में जारी पदोन्‍नति आदेश के माध्‍यम से पदोन्‍नत कर चुका है। अतएव वर्ष 2023 की शेष रिक्तियों तथा वर्ष 2024 की रिक्तियों के एवज में होने वाली पदोन्‍नति प्रक्रिया हेतु कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों से दस्‍तावेज आमंत्रित किए गए हैं।


सभी संबंधित साथियों से अनुरोध है कि अविलंब अपने दस्‍तावेज राजभाषा विभाग को उपलब्‍ध कराएं ताकि समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। एसोसिएशन के आग्रह पर उचित कार्रवाई के लिए हम विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों के आभारी हैं।







Saturday, 9 September 2023

संवर्ग के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

नमस्कार मित्रो, आप सभी को संवर्ग के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 09 सितंबर, 1981 की अधिसूचना के माध्यम से केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा संवर्ग का गठन हुआ था। 1981 में जब संवर्ग का गठन हुआ उस समय केवल कनिष्ठ अनुवाद और वरिष्ठ अनुवादक के पद संवर्ग में शामिल किए गए। फिर बाद में 1983 में सहायक निदेशक से लेकर निदेशक तक के पद शामिल हुए। दिलचस्प बात यह है कि उस समय केवल निदेशक का पद ही समूह 'क' श्रेणी का पद था। लम्बे संघर्ष के बाद सहायक निदेशक का पद समूह 'क' राजपत्रित हो सका। ऐसे तमाम संघर्ष रहे,कुछ में सफलता मिली कुछ में असफलता। 

1981 से लेकर अब तक संवर्ग ने लम्बा समय व्यतीत किया है। वर्षों तक प्रशासनिक और राजनीतिक उपेक्षा और उदासीनता का शिकार रहा संवर्ग कुछ वर्षों तक एडहॉक सेवा के ऐसे गर्त में जा पहुंचा जहाँ से बाहर निकल कर सभी पदों को भर पाना इस समय चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है। संवर्ग को पुनः पटरी पर लाने के लिए अभी बहुत प्रयासों की आवश्यकता है। स्थितियां बदल रही हैं लेकिन गति की आवश्यकता है। हमारा लक्ष्य है कि व्यवस्था अधिक से अधिक पारदर्शी, समावेशी और न्यायसंगत बने। देश भर के अनुवादकों की आकांक्षाओं और अभिलाषाओं को लंबे समय से अनसुना किया गया है। हम आशा करते हैं कि वर्तमान और भविष्य हमें अवश्य सुनेंगे। 

साथियो, हम सभी को मिलकर इस संवर्ग को पहले से और अधिक बेहतर बनाना है और इसके लिए संगठित होना पहली शर्त है। निजी हित से ऊपर संवर्ग के हित को प्राथमिकता देनी होगी। समय लगेगा लेकिन कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होगा। हमें अपने भविष्य का निर्माण स्वयं करना है। 

आप सभी को एसोसिएशन की ओर से संवर्ग के स्थापना दिवस की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं। 🙏