Tuesday, 7 April 2026

वेतन आयोग को जाएगा वेतन उन्नयन का प्रस्ताव, 10 अप्रैल तक भेजें सूचनाएं और सुझाव

 प्रिय मित्रो, 

8 वें वेतन आयोग ने सर्विस एसोसिएशन्स और विभागों से 30 अप्रैल 2026 तक प्रस्ताव आमंत्रित किये हैं। इसी क्रम में एसोसिएशन जल्द ही वेतन आयोग के समक्ष संवर्ग के लिए वेतन उन्नयन सम्बन्धी मांग रखने जा रही है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस प्रस्ताव में JTO और STO के लिए क्रमशः 4600 और 4800 (राजपत्रित दर्जा सहित) ग्रेड वेतन के लिए मांग की जाएगी। आपको स्मरण होगा कि इस सम्बन्ध में एसोसिएशन के आग्रह पर राजभाषा विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व एक प्रस्ताव आगे बढ़ाया गया था जिस पर गृह मंत्रालय के वित्त प्रभाग ने यह कह कर कार्रवाई रोक दी थी कि वेतन उन्नयन का मामला वेतन आयोग के कार्यक्षेत्र में आता है। अब वेतन आयोग के समक्ष यह मांग रखी जाएंगी।


इसके अतिरिक्त, पिछले 10-15 वर्षों में बहुत से अधीनस्थ विभागों में और कुछ इंडिविजुअल्स (JTO) को 4600 ग्रेड वेतन दिया जा रहा है। देश के तमाम न्यायालयों द्वारा 4600 ग्रेड वेतन के पक्ष में अलग-अलग फैसले दिए जाने के बावजूद इसे वित्त मंत्रालय द्वारा स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इससे एक अव्यवस्था उत्पन्न हो गई है जो आगे चलकर और बड़ी हो जाएगी। इसलिए वेतन आयोग को ग्रेड पे अपग्रेडेशन का प्रस्ताव भेजते समय इस मुद्दे को भी उठाया जाना है। 


इसलिए आप सभी से अनुरोध है कि यदि आपके संज्ञान में किसी भी कार्यालय में कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी को 4600 ग्रेड वेतन दिया जा रहा हो तो तत्सम्बन्धी न्यायालय के आदेश तथा अनुवाद अधिकारी के कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रति को एसोसिएशन की ई-मेल csolstoa@gmail.com पर दिनांक 10 अप्रैल, 2026 तक प्रेषित कर दें ताकि उनका उल्लेख प्रस्ताव में किया जा सके। इसके अतिरिक्त वेतन आयोग को भेजे जाने वाले प्रस्ताव के संबंध में अपने सुझाव, यदि कोई हों, तो उपर्युक्त ई-मेल के माध्यम से हमें भेज सकते हैं 🙏

Thursday, 1 January 2026

नव वर्ष के उपलक्ष्‍य में सचिव एवं संयुक्‍त सचिव महोदया से भेंट एवं कलेंडर का विमोचन

नव वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आज राजभाषा विभाग की सचिव आदरणीय श्रीमती अंशुली आर्या जी से भेंट की और संवर्ग के अनुवाद अधिकारियों की ओर से उन्‍हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने सचिव महोदया के नेतृत्‍व में संवर्ग  के विकास के लिए किए  जा रहे कार्यों के लिए सचिव महोदया का आभार व्‍यक्‍त किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के वर्ष 2026 के कलेंडर का विमोचन आदरणीय सचिव महोदया के कर-कमलों द्वारा किया गया। सचिव महोदया ने कलेंडर के डिजाइन की सराहना की। सचिव महोदया ने भी संवर्ग के सभी अधिकारियों के लिए नव वर्ष की शुभकामनाएं व्‍यक्‍त कीं।

संगठन का इस वर्ष का कलेंडर राजभाषा के क्षेत्र में भारती-बहु भाषी अनुवाद सारथी जैसे उन्नत अनुवाद टूल तथा भारतीय शब्द संपदा को समृद्ध करने वाले 'हिंदी शब्द सिंधु' सहित प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत विजन के परिचायक आधुनिक वर्कप्लेस कर्तव्य भवन को समर्पित है। विकसित भारत के लिए न केवल आधुनिक कार्यस्थल देश को चाहिएं बल्कि अभिव्यक्ति के आधुनिक टूल्स भी अपेक्षित हैं। 

आदरणीय संयुक्‍त सचिव महोदया, श्रीमती निधि पाण्‍डेय से भी शिष्‍टाचार भेंट की गई और उन्‍हें भी एसोसिएशन के कलेंडर की प्रति भेंट की गई। संयुक्‍त सचिव महोदया ने सभी अनुवाद अधिकारियों के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं और संवर्ग की बेहतरी के लिए आवश्‍यक कदम उठाने का आश्‍वासन दिया है। एसोसिएशन ने सेवा प्रभाग के सहायक निदेशक, श्री राजेश कुमार एवं अनुभाग अधिकारी श्री जगदीश चन्द्र सहित सभी अन्य कार्मिकों का सेवा सम्बन्धी मामलों में सक्रियता से कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्‍यक्ष, श्री सौरभ आर्य, महासचिव, श्री सुनील चौरसिया सहित उपाध्‍यक्ष, श्रीमती विशाखा बिष्‍ट, उपाध्‍यक्ष, श्री विमल सिंह, संयुक्‍त सचिव, श्री शुभम रामावत एवं कार्यकारिणी सदस्‍य सुश्री कल्‍पना सिंह एवं श्रीमती आशा मौजूद थे। 






संयुक्‍त सचिव महोदया को कलेंडर की प्रति भेंट करते हुए एसोसिएशन के पदाधिकारी