Showing posts with label कार्यकारिणी की बैठक. Show all posts
Showing posts with label कार्यकारिणी की बैठक. Show all posts

Wednesday, 29 January 2025

कार्यकारिणी की 9वीं बैठक संपन्‍न, संवर्ग के विभिन्‍न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर कार्यनीति तैयार की गई

 

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की 

कार्यकारिणी की 9वीं बैठक के कार्यवृत

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की 9वीं बैठक दिनांक 22 जनवरी, 2025 को संपन्न हुई। इस बैठक के दौरान संवर्ग से जुड़े निम्नलिखित मुद्दों पर चर्चा की गईं तथा भविष्य की कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई।

कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्‍य


2.  
कार्यकारिणी में तीन सदस्यों की शामिल करना : बैठक की शुरुआत, महासचिव श्री सुनील कुमार चौरसिया ने कार्यकारिणी में तीन नए सदस्यों के परिचय के साथ की। कार्यकारिणी में 03 सदस्यों की रिक्ति को भरने के लिए संवर्ग के लिए योगदान देने की भावना रखने वाले युवा अनुवाद अधिकारियों का चयन किया गया, जिनके नाम और विवरण निम्न प्रकार से है:

(i) श्री शिव पूजन यादव, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, भारी उद्योग मंत्रालय। 
(ii) श्री प्रियांशु सिंह,  कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, उर्वरक मंत्रालय
(iiiश्री भरत लाल मीणा, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, पर्यावरण मंत्रालय

सभी सदस्‍यों ने नवागंतुक साथियों का स्‍वागत किया और उन्‍हें संगठन के मूल उद्देश्‍यों, सिद्धांतों और भविष्‍य की कार्ययोजनाओं से अवगत कराया।

   3. 8वें वेतन आयोग की घोषणा के संदर्भ में भावी कार्ययोजना :  अध्यक्ष, श्री सौरभ आर्य ने हाल ही में 8वें वेतन आयोग की घोषणा किये जाने के आलोक में कार्यकारिणी के सदस्यों से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर अपने-अपने स्तर पर गहन अध्य्यन करें। सभी पदाधिकारियों ने संकल्‍प लिया कि वेतन के संदर्भ में अनुवाद अधिकारियों के साथ हो रहे असमान व्यवहार को दुरुस्त कराने के लिए इस बार हर संभव प्रयास किए जाएंगे। ग्रेड वेतन उन्‍नयत सहित कनिष्‍ठ एवं वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के पदों के मर्जर जैसे हर विकल्प का सम्यक रूप से अध्‍ययन तथा समस्‍त संभावनाओं पर विचार करने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा इस विषय पर एसोसिएशन शीघ्र ही सभी सदस्यों से उनके सुझाव भी आमंत्रित करेगी।

  4.  पूरे संवर्ग के लिए ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन:  अध्यक्ष महोदय ने एक अभिनव पहल करते हुए कुछ महत्‍वपूर्ण विषयो पर पूरे संवर्ग के लिए ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित कराने का सुझाव दिया। अधिकांशतः पाया गया है कि एमएसीपी और पे फिक्सेशन, एनपीएस तथा यूपीएस के विकल्‍पों, एनपीएस कॉन्‍ट्रीब्‍यूशन के प्रबंधन जैसे विभिन्‍न विषयों को लेकर अनुवाद अधिकारियों में उतनी स्पष्टता नहीं है। आवश्यकता है कि पूरा संवर्ग इन मामलों से संबंधित नियमों की जानकारी रखे ताकि किसी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके। इसी उद्देश्य से यह योजना बनायी गयी है कि समय-समय पर ऐसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। इसी क्रम में फरवरी माह में एक विषय विशेषज्ञ को आमंत्रित कर ऑनलाइन कार्यशाला करायी जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। 

5. ऑनलाइन अपार प्रणाली (स्पैरो) पर चर्चा: कार्यकारिणी के सदस्‍यों ने ऑनलाइन अपार प्रणाली को लागू होने में हो रहे विलंब के संबंध में चिंता व्‍यक्‍त की और जानना चाहा कि यह कब तक शुरू हो सकेगी। महासचिव, श्री सुनील चौरसिया ने इस विषय पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑनलाइन अपार प्रणाली (स्पैरो) शीघ्रातिशीघ्र लागू करने के लिए राजभाषा विभाग गंभीरता से प्रयासरत है। सदस्‍यों ने कहा कि स्पैरो प्रणाली का आरंभ हमारे संवर्ग की पदोन्नति के मामले में मील का पत्थर साबित होगा क्योंकि अपार के विलंब के कारण विभिन्न डीपीसी संपन्न कराने में अत्यधिक विलंब होता रहा है। सदस्‍यों ने आशा व्‍यक्‍त की कि अब भविष्‍य में पदोन्‍नति प्रक्रियाएं समय पर संपन्‍न हो सकेंगी।

6.  2019 बैच 2020 बैच, 2022 बैच के नियमितीकरण संबंधी आदेश : उपाध्यक्ष, श्री विमल सिंह ने 2019 बैच के शेष रह गये कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों और 2020 बैच तथा 2022 बैच के अनुवाद अधिकारियों के नियमितीकरण और प्रशिक्षण आदि के मामलों की ओर ध्यान आकृष्ट किया। एसोसिएशन इस विषय को शीघ्र ही विभाग के साथ उठाएगी और आशा है कि इस दिशा में विभाग यथाशीघ्र अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

7.  एसोसिएशन की पंजीकरण की स्थिति : एसोसिएशन के पंजीकरण का मामला अपने अंतिम पड़ाव पर है। उल्‍लेखनीय है कि एसोसिएशन ने पिछले वर्ष 04 जून, 2024 को साकेत कोर्ट में इस संबंध में आवेदन किया था। तदुपरांत रजिस्‍ट्रार द्वारा नेम्‍स एवं एम्‍बलैम सोसायटी को यह मामला अग्रेषित किया। इसके बाद उक्‍त कार्यालय द्वारा डीओपीटी तथा राजभाषा विभाग को एनओसी के लिए सितंबर माह में पत्र जारी किए गए। 

य यह मामला सितंबर, 2024 से NOC के लिए राजभाषा विभाग के पास लंबित है। डीओपीटी को भेजे गए पत्र को डीओपीटी ने 12 नवंबर, 2024  को राजभाषा विभाग को अग्रेषित कर दिया था। तब से यह पत्र भी अब राजभाषा विभाग में विचाराधीन है। विभाग से एनओसी प्राप्त होने के बाद कुछ ही समय में यह काम पूर्ण हो जाएगा। एसोसिएशन इस संबंध में यथाशीघ्र कार्रवाई के लिए विभाग से निरंतर आग्रह कर रही है। एसोसिएशन संगठन का पंजीकरण कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

इसके अतिरिक्‍त सहायक निदेशकों के रिक्‍त पदों के मामले सहित कुछ अन्‍य विषयों और उनसे जुड़ी भावी कार्यनीति पर चर्चा के साथ बैठक समाप्‍त हुई। महासचिव ने बैठक में भाग लेने वाले सभी सदस्‍यों का धन्‍यवाद दिया और सभी सदस्‍यों से नियमित रूप से बैठकों में भाग लेने का आग्रह किया।

 

इस बैठक में निम्नलिखित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया :

1.    श्री सौरभ आर्य, अध्यक्ष

2.    श्रीमती विशाखा बिष्ट, उपाध्यक्ष

3.    श्री विमल सिंह, उपाध्यक्ष

4.    श्री सुनील चौरसिया, महासचिव

5.    श्री शुभम रामावत, संयुक्त सचिव

6.    श्री प्रेम चंद यादव, कोषाध्यक्ष

7.    श्री मुकेश कुमार सिन्हा, सदस्य

8.    श्री संतोष कुमार जायसवाल,सदस्य

9.    श्री अनिल कुमार कोईरी,सदस्य

10.   श्रीमती आशा, सदस्य

11.   श्रीमती नीलम यादव, सदस्य

12.   श्रीमती मोनिका, सदस्य

13.   श्रीमती कल्पना, सदस्य

14.   श्री निशांत शर्मा, सदस्य

15.   श्री शिव पूजन यादव, सदस्य

16.   श्री प्रियांशु सिंह, सदस्य

17.   श्री भरत लाल मीणा, सदस्य

 

 

 

 


Tuesday, 13 February 2024

कार्यकारिणी की 7वीं बैठक संपन्‍न, संवर्ग के हित में महत्‍वपूर्ण विषयों पर विचार-मंथन किया गया

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की कार्यकारिणी की 7वीं बैठक अध्‍यक्ष, श्री सौरभ आर्य की अध्‍यक्षता में दिनांक 08 फरवरी, 2024 को कर्तव्‍य पथ पर संपन्‍न हुई। बैठक में कार्यकारिणी के मौजूदा 21 सदस्यों में से 18 सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक में संवर्ग के हित में विभिन्‍न विषयों पर निम्‍नानुसार चर्चा की गई - 

वर्ष 2024 की सहायक निदेशकों की रिक्तियों पर विस्‍तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन की गणना के अनुसार रिक्ति वर्ष 2024 में सहायक निदेशकों के लगभग 42-43 पद बनते हैं जिनमें से पदोन्‍नति कोटे की लगभग 32 रिक्तियां हैं। एसोसिएशन विगत दिसंबर माह से ही इन पदों के लिए संबंधित अनुवाद अधिकारियों के दस्‍तावेज आमंत्रित करने का आग्रह विभाग से करती रही है। विभाग ने इसी सप्‍ताह इस संबंध में सतर्कता निकासी दस्‍तावेज आमंत्रित करने का आश्‍वासन दिया है। इसके अतिरिक्‍त आरक्षित श्रेणी की रिक्तियों से संबंधित नियमों पर भी चर्चा की गई। अध्‍यक्ष ने आश्‍वासन दिया कि विभाग नियमानुसार ही पदोन्‍नति प्रक्रिया को संपन्‍न करेगा और किसी के साथ भी अन्‍याय नहीं होगा। 

वरीयता सूचियों के जारी होने में विलंब पर चर्चा के दौरान महासचिव श्री सुनील चौरसिया ने समिति को अवगत कराया कि विभाग द्वारा सभी स्‍तरों की पदोन्‍नति सूचियां तैयार कर ली गई हैं जिन्‍हें अगले कुछ दिनों में क्रमिक रूप से जारी किया जाएगा। वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों की वरीयता सूची दिनांक 09 फरवरी, 2024 को जारी कर दी गई हैं।

कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के लिए 4600 ग्रेड वेतन मामले पर चर्चा के दौरान बताया गया कि गृह मंत्रालय का आईएफडी प्रभाग वेतन उन्‍नयन के मामले को वित्‍त मंत्रालय को प्रेषित करने पर सहमत नहीं है और आईएफडी ने वेतन उन्‍नयन संबंधी मामलों को वेतन आयोग का क्षेत्राधिकार बताते हुए प्रस्‍ताव पर सहमति नहीं दी है। इस संबंध में एसोसिएशन शीघ्र ही सचिव महोदया से बैठक कर इस संबंध में पुन: एक बार नए सिरे से प्रयास करने का आग्रह करेगी।


कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्‍य
कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्‍य

एसोसिएशन के पंजीकरण के लिए एसोसिएशन प्रयासरत है। इस संबंध में कार्रवाई जारी है और प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा। 

सदस्‍यों के वार्षिक शुल्‍क अभियान पर चर्चा करते हुए सभी सदस्‍यों द्वारा अनिवार्य रूप से अपना वार्षिक शुल्‍क जमा कराए जाने की आवश्‍यकता पर चर्चा की गई। दरअसल, यह विगत आम सभा में सर्व सम्‍मति से लिए गए निर्णय के आलोक में किया जा रहा है और भविष्‍य की आपात स्थितियों में संगठन को तैयार रखने सहित एसोसिएशन के प्रचालन आदि के लिए एक निधि का सृजन किया जाना है जो सभी अनुवाद अधिकारी साथियों की सामूहिक पूंजी है। एसोसिएशन सिर्फ एक कस्‍टोडियन की भांति इसका संरक्षण और सदुपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

बैठक में सभी कार्यकारिणी के सभी सदस्‍यों के समक्ष स्‍पष्‍ट किया गया कि पदाधिकारियों द्वारा एसोसिएशन के गठन के उपरांत से ही निर्णय लिया गया था कि सदस्‍यों से एकत्र किए जाने वाले वार्षिक शुल्‍क से कार्यकारिणी की बैठकों के दौरान जलपान आदि, पदाधिकारियों द्वारा दिल्‍ली के भीतर एसोसिएशन के कार्य से की जानी वाली यात्राओं आदि पर होने वाले व्‍यय को क्‍लेम नहीं किया जाएगा। इसका वहन कार्यकारिणी के सभी सदस्‍य सामूहिक रूप से अपने स्‍तर पर करेंगे। स्‍पष्‍ट किया गया कि एसोसिएशन के गठन के बाद से अब तक 1 भी रुपया एसोसिएशन के सदस्‍यों पर व्‍यय नहीं किया गया है और न ही किया जाएगा। जो भी व्‍यय किया जाएगा उसका लेखा-जोखा प्रति वर्ष आम सभा की बैठक में प्रस्‍तुत किया जाएगा।

ऑनलाइन एपीएआर प्रणाली पर एसोसिएशन विभाग से कई बार आग्रह कर चुकी है। इस संबंध में पूर्व में कुछ तकनीकी और सर्वर को लेकर सरकार की नीति परिवर्तन संबंधी कठिनाइयों का हवाला विभाग ने दिया था परंतु अब काफी समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई सकारात्‍मक कार्रवाई नहीं हुई है। एसोसिएशन इस संबंध में पुन: सचिव महोदया से कार्रवाई का आग्रह करेगी।  

सीधी भर्ती के पदों संबंधी स्थिति पर चर्चा के दौरान सदस्‍यों ने कहा कि विभाग द्वारा इस संबंध में कोई ठोस प्रयास न किए जाने के कारण यह समस्‍या पहले से भी अधिक गं‍भीर हो चुकी है। इस समय सीधी भर्ती कोटे के लगभग 67  पद खाली पड़े हैं जिसके कारण संवर्ग का कार्य भी बाधित हो रहा है। यदि इसी प्रकार ये पद सीधी भर्ती के लिए आरक्षित किए जाते रहे तो कुछ ही वर्षों में सहायक निदेशक के समस्‍त पद सीधी भर्ती कोटे में चले जाएंगे और संवर्ग धराशायी हो जाएगा। इसके अतिरिक्‍त सदस्‍यों ने सीधी भर्ती के कोटे का 25 % होना संवर्ग के हित में बाधक माना और बैकलॉग वेकेंसियों को भरने के किसी भी प्रयास को संवर्ग के लिए घातक माना। सदस्‍यों ने कहा कि इस समस्‍या का समाधान इस प्रकार किया जाना चाहिए जिससे किसी भी रिक्ति वर्ष के अनुवाद अधिकारियों के साथ अन्‍याय न हो। सदस्‍यों ने भर्ती नियमों में कुछ संशोधनों का भी सुझाव दिया। एसोसिएशन इस समस्‍या के स्‍थायी समाधान के लिए सभी संभावित विकल्‍पों पर विचार कर रही है और संवर्ग के भविष्‍य के लिए उचित कार्रवाई के लिए हर संभव स्‍तर पर प्रयास करेगी। 

आम सभा की बैठक के आयोजन पर चर्चा करते हुए सदस्‍यों ने इस वर्ष की आम-सभा की बैठक बुलाए जाने के प्रस्‍ताव पर चर्चा की। इस संबंध में शीघ्र ही बैठक की तिथि से सदस्‍यों को अवगत कराया जाएगा। 

इसके अतिरिक्‍त, संवर्ग के हित में कुछ अन्‍य विषयों पर भी चर्चा की गई जिन पर आम सभा की बैठक में सदस्‍यों के साथ विस्‍तार से चर्चा की जाएगी। 

Wednesday, 7 December 2022

कार्यकारिणी की पहली बैठक में लिए गए महत्‍वपूर्ण निर्णय

 

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिएशन की कार्यकारिणी

की दिनांक 01.12.2022 को संपन्‍न बैठक के कार्यवृत्‍त

 

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिएशन की कार्यकारिणी की एक बैठक दिनांक 1 दिसंबर 2022 को दोपहर 1:00 बजे केजी मार्ग स्थित महाराष्ट्र सदन में संपन्‍न हुई। केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिएशन के निर्वाचन के पश्चात कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी जो अनौपचारिक माहौल में दोपहर भोज के साथ आयोजित की गई थी।

2.      महत्‍वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ-साथ इस बैठक का एक विशेष उद्देश्‍य कार्यकारिणी के समस्‍त सदस्‍यों के मध्‍य आपसी सामंजस्‍य और टीम भावना का विकास करना था ताकि भविष्‍य में बड़े लक्ष्‍यों को हासिल करने में सभी सदस्‍य एक टीम के रूप में प्रभावी तरीके से कार्य कर सकें। भोजनोपरांत महासचिव, श्री सुनील कुमार चौरसिया ने सभी सदस्‍यों का उनके विस्‍तृत परिचय के लिए आह्वान किया। सभी सदस्‍यों द्वारा अपना विस्‍तृत सरकारी और पारिवारिक विवरण साझा किया गया। यह हर्ष का विषय है कि कार्यकारिणी के सभी सदस्‍य समर्पित, कर्मठ तथा प्रगतिशील विचारधारा के हैं।   

कार्यका‍रिणी के सदस्‍य 


3.      तदुपरांत, अध्‍यक्ष, श्री सौरभ आर्य (वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी, इस्‍पात मंत्रालय) द्वारा सभी सदस्‍यों को राजभाषा विभाग के अधिकारियों के साथ दिनांक 30 नवंबर, 2022 को हुई बैठक के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। अध्‍यक्ष महोदय ने सदस्‍यों को संबोधित करते हुए कहा कि एसोसिएशन के लिए यह हर्ष और संतोष का विषय है कि इस पहली बैठक में एसोसिएशन द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सचिव महोदया सहित राजभाषा व‍िभाग के सभी वरिष्‍ठ अधिकारियों ने सकारात्‍मक प्रतिक्रिया दी है और समस्‍याओं के शीघ्र निपटान के लिए आश्‍वासन दिया है। साथ ही उन्‍होंने कहा कि एसोसिएशन के सदस्‍यों को भी समस्‍याओं के निपटान के लिए संगठन के स्‍तर पर परिश्रम करना होगा और आवश्‍यकता पड़ने पर राजभाषा विभाग को भी यथाअपेक्षित सहयोग प्रदान करना होगा।

4.     इसके उपरांत कार्यकारिणी के सदस्‍यों के मध्‍य विभिन्‍न विषयों पर विस्‍तार से चर्चा हुई और सर्वसम्‍मति से कुछ निर्णय लिए गए जो निम्‍नानुसार हैं:

1. आम सभा की बैठकों का आयोजन:  प्रत्‍येक वर्ष अप्रैल तथा अक्‍टूबर माह में आम सभा की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। परंतु इस समय एसोसिएशन के पंजीकरण आदि संबंधी कुछ अनिवार्य औपचारिकताओं के दृष्टिगत पहली आम सभा का आयोजन जनवरी, 2023 में किया जाएगा। इस बैठक में आम सभा द्वारा पंजीकरण से जुड़ी विभिन्‍न औपचारिकताओं का अनुमोदन किया जाएगा।

2.  कार्यकारिणी की बैठकों का आयोजन: निर्णय लिया गया कि कार्य की अधिकता को देखते हुए फिलहाल अगले 6 माह तक प्रत्‍येक माह कार्यकारिणी की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। तदुपरांत संविधान अनुसार प्रत्‍येक 3 माह में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्‍त कार्यकारिणी के सदस्‍य अनौपचारिक रूप से 24X7 व्‍हाट्सएप ग्रुप के माध्‍यम से एक-दूसरे के संपर्क में है ताकि आवश्‍यकता की स्थिति में तत्‍काल कार्रवाई की जा सके।

3. एसोसिएशन का सदस्‍यता शुल्‍क तथा वार्षिक शुल्‍क: विगत कुछ वर्षों के दौरान इस तथ्‍य को बार-बार महसूस किया जाता रहा है कि एसोसिशन को आर्थिक दृष्टि से भी सशक्‍त और सुदृढ़ किया जाना चाहिए ताकि विभिन्‍न क्रियाकलाप निर्बाध गति से चलते रहें और आवश्‍यकता की स्थिति में तत्‍काल कार्रवाई की जा सके। इसके लिए अगले वर्ष से सदस्‍यता शुल्‍क तथा वार्षिक शुल्‍क तय किए जाने का प्रस्‍ताव आगामी आम-सभा की बैठक में रखे जाने का निर्णय लिया गया।

4. एसोसिएशन का बैंक अकाउंट खुलवाना: एसोसिएशन के आर्थिक क्रियाकलापों को सुचारू रूप से चलाने के लिए निर्णय लिया गया कि पंजीकरण के उपरांत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की उद्योग भवन शाखा में एसोसिएशन का खाता खुलवाया जाएगा।

5.  विभिन्‍न कार्यों के लिए उप-समितियों का गठन: बैठक में तय किया गया कि संवर्ग हित में एसोसिएशन द्वारा अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्‍न उप-समितियों का गठन किया जाएगा। जिसमें पदाधिकारियों के साथ-साथ अपने रुझान और योग्यता के अनुरूप कार्यकारिणी के सदस्यों का सहयोग लिया जाएगा। अभी फिलहाल कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी से वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी के पद पर पदोन्नति तथा कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के नियमितीकरण के मामलों के लिए एक समिति पहले ही कार्यरत है। इसी क्रम में आज मीडिया सेल के लिए एक उप-समिति का गठन किया गया। इस उप-समिति में श्री धर्मवीर अंतिल, श्रीमती जोनिता बाली और श्रीमती मोनिका गौतम को शामिल किया गया है। 

इसी प्रकार पंजीकरण हेतु एक 10 सदस्‍यीय उप-समिति का भी गठन किया गया है, जो पंजीकरण तथा मान्‍यता संबंधी औपचारिकताओं पर कार्य कर रही है। 

 

अंत में अध्‍यक्ष श्री सौरभ आर्य द्वारा बैठक में भाग लेने के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्‍यों का धन्‍यवाद व्‍यक्‍त किया गया।  


 


*****