Wednesday, 29 January 2025

कार्यकारिणी की 9वीं बैठक संपन्‍न, संवर्ग के विभिन्‍न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर कार्यनीति तैयार की गई

 

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की 

कार्यकारिणी की 9वीं बैठक के कार्यवृत

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की 9वीं बैठक दिनांक 22 जनवरी, 2025 को संपन्न हुई। इस बैठक के दौरान संवर्ग से जुड़े निम्नलिखित मुद्दों पर चर्चा की गईं तथा भविष्य की कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई।

कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्‍य


2.  
कार्यकारिणी में तीन सदस्यों की शामिल करना : बैठक की शुरुआत, महासचिव श्री सुनील कुमार चौरसिया ने कार्यकारिणी में तीन नए सदस्यों के परिचय के साथ की। कार्यकारिणी में 03 सदस्यों की रिक्ति को भरने के लिए संवर्ग के लिए योगदान देने की भावना रखने वाले युवा अनुवाद अधिकारियों का चयन किया गया, जिनके नाम और विवरण निम्न प्रकार से है:

(i) श्री शिव पूजन यादव, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, भारी उद्योग मंत्रालय। 
(ii) श्री प्रियांशु सिंह,  कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, उर्वरक मंत्रालय
(iii) श्री भरत लाल मीणा, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, पर्यावरण मंत्रालय

सभी सदस्‍यों ने नवागंतुक साथियों का स्‍वागत किया और उन्‍हें संगठन के मूल उद्देश्‍यों, सिद्धांतों और भविष्‍य की कार्ययोजनाओं से अवगत कराया।

   3. 8वें वेतन आयोग की घोषणा के संदर्भ में भावी कार्ययोजना :  अध्यक्ष, श्री सौरभ आर्य ने हाल ही में 8वें वेतन आयोग की घोषणा किये जाने के आलोक में कार्यकारिणी के सदस्यों से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर अपने-अपने स्तर पर गहन अध्य्यन करें। सभी पदाधिकारियों ने संकल्‍प लिया कि वेतन के संदर्भ में अनुवाद अधिकारियों के साथ हो रहे असमान व्यवहार को दुरुस्त कराने के लिए इस बार हर संभव प्रयास किए जाएंगे। ग्रेड वेतन उन्‍नयत सहित कनिष्‍ठ एवं वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के पदों के मर्जर जैसे हर विकल्प का सम्यक रूप से अध्‍ययन तथा समस्‍त संभावनाओं पर विचार करने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा इस विषय पर एसोसिएशन शीघ्र ही सभी सदस्यों से उनके सुझाव भी आमंत्रित करेगी।

  4.  पूरे संवर्ग के लिए ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन:  अध्यक्ष महोदय ने एक अभिनव पहल करते हुए कुछ महत्‍वपूर्ण विषयो पर पूरे संवर्ग के लिए ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित कराने का सुझाव दिया। अधिकांशतः पाया गया है कि एमएसीपी और पे फिक्सेशन, एनपीएस तथा यूपीएस के विकल्‍पों, एनपीएस कॉन्‍ट्रीब्‍यूशन के प्रबंधन जैसे विभिन्‍न विषयों को लेकर अनुवाद अधिकारियों में उतनी स्पष्टता नहीं है। आवश्यकता है कि पूरा संवर्ग इन मामलों से संबंधित नियमों की जानकारी रखे ताकि किसी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके। इसी उद्देश्य से यह योजना बनायी गयी है कि समय-समय पर ऐसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। इसी क्रम में फरवरी माह में एक विषय विशेषज्ञ को आमंत्रित कर ऑनलाइन कार्यशाला करायी जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। 

5. ऑनलाइन अपार प्रणाली (स्पैरो) पर चर्चा: कार्यकारिणी के सदस्‍यों ने ऑनलाइन अपार प्रणाली को लागू होने में हो रहे विलंब के संबंध में चिंता व्‍यक्‍त की और जानना चाहा कि यह कब तक शुरू हो सकेगी। महासचिव, श्री सुनील चौरसिया ने इस विषय पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑनलाइन अपार प्रणाली (स्पैरो) शीघ्रातिशीघ्र लागू करने के लिए राजभाषा विभाग गंभीरता से प्रयासरत है। सदस्‍यों ने कहा कि स्पैरो प्रणाली का आरंभ हमारे संवर्ग की पदोन्नति के मामले में मील का पत्थर साबित होगा क्योंकि अपार के विलंब के कारण विभिन्न डीपीसी संपन्न कराने में अत्यधिक विलंब होता रहा है। सदस्‍यों ने आशा व्‍यक्‍त की कि अब भविष्‍य में पदोन्‍नति प्रक्रियाएं समय पर संपन्‍न हो सकेंगी।

6.  2019 बैच 2020 बैच, 2022 बैच के नियमितीकरण संबंधी आदेश : उपाध्यक्ष, श्री विमल सिंह ने 2019 बैच के शेष रह गये कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों और 2020 बैच तथा 2022 बैच के अनुवाद अधिकारियों के नियमितीकरण और प्रशिक्षण आदि के मामलों की ओर ध्यान आकृष्ट किया। एसोसिएशन इस विषय को शीघ्र ही विभाग के साथ उठाएगी और आशा है कि इस दिशा में विभाग यथाशीघ्र अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

7.  एसोसिएशन की पंजीकरण की स्थिति : एसोसिएशन के पंजीकरण का मामला अपने अंतिम पड़ाव पर है। उल्‍लेखनीय है कि एसोसिएशन ने पिछले वर्ष 04 जून, 2024 को साकेत कोर्ट में इस संबंध में आवेदन किया था। तदुपरांत रजिस्‍ट्रार द्वारा नेम्‍स एवं एम्‍बलैम सोसायटी को यह मामला अग्रेषित किया। इसके बाद उक्‍त कार्यालय द्वारा डीओपीटी तथा राजभाषा विभाग को एनओसी के लिए सितंबर माह में पत्र जारी किए गए। 

य यह मामला सितंबर, 2024 से NOC के लिए राजभाषा विभाग के पास लंबित है। डीओपीटी को भेजे गए पत्र को डीओपीटी ने 12 नवंबर, 2024  को राजभाषा विभाग को अग्रेषित कर दिया था। तब से यह पत्र भी अब राजभाषा विभाग में विचाराधीन है। विभाग से एनओसी प्राप्त होने के बाद कुछ ही समय में यह काम पूर्ण हो जाएगा। एसोसिएशन इस संबंध में यथाशीघ्र कार्रवाई के लिए विभाग से निरंतर आग्रह कर रही है। एसोसिएशन संगठन का पंजीकरण कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

इसके अतिरिक्‍त सहायक निदेशकों के रिक्‍त पदों के मामले सहित कुछ अन्‍य विषयों और उनसे जुड़ी भावी कार्यनीति पर चर्चा के साथ बैठक समाप्‍त हुई। महासचिव ने बैठक में भाग लेने वाले सभी सदस्‍यों का धन्‍यवाद दिया और सभी सदस्‍यों से नियमित रूप से बैठकों में भाग लेने का आग्रह किया।

 

इस बैठक में निम्नलिखित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया :

1.    श्री सौरभ आर्य, अध्यक्ष

2.    श्रीमती विशाखा बिष्ट, उपाध्यक्ष

3.    श्री विमल सिंह, उपाध्यक्ष

4.    श्री सुनील चौरसिया, महासचिव

5.    श्री शुभम रामावत, संयुक्त सचिव

6.    श्री प्रेम चंद यादव, कोषाध्यक्ष

7.    श्री मुकेश कुमार सिन्हा, सदस्य

8.    श्री संतोष कुमार जायसवाल,सदस्य

9.    श्री अनिल कुमार कोईरी,सदस्य

10.   श्रीमती आशा, सदस्य

11.   श्रीमती नीलम यादव, सदस्य

12.   श्रीमती मोनिका, सदस्य

13.   श्रीमती कल्पना, सदस्य

14.   श्री निशांत शर्मा, सदस्य

15.   श्री शिव पूजन यादव, सदस्य

16.   श्री प्रियांशु सिंह, सदस्य

17.   श्री भरत लाल मीणा, सदस्य

 

 

 

 


Monday, 27 January 2025

नए वर्ष से शुरू हुआ कलेंडर वितरण अभियान, हर तरफ पहुंचे कलेंडर

वर्ष 2025 की शुरूआत आदरणीय सचिव महोदया को एसोसिएशन के कलेंडर की पहली प्रति भेंट कर हुई। दिनांक 01 जनवरी, 2025 को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राजभाषा विभाग की सचिव महोदया, श्रीमती अंशुली आर्या जी से भेंट कर उन्‍हें एसोसिएशन के कलेंडर की पहली प्रति भेंट की और संवर्ग के अनुवाद अधिकारियों की ओर से नव वर्ष की शुभकामनाएं व्‍यक्‍त कीं। आदरणीय सचिव महोदया ने भी संवर्ग के समस्‍त अधिकारियों के लिए नए वर्ष की शुभकामनाएं व्‍यक्‍त कीं। 



इसके उपरांत आदरणीय संयुक्‍त सचिव महोदया तथा विभाग के अन्‍य अधिकारियों को कलेंडर की प्रति भेंट की गईं। इसके साथ ही एसोसिएशन की ओर से नोडल अधिकारियों के माध्‍यम से विभिन्‍न मंत्रालयों तथा विभागों तक कैलेंडर पहुंचाए गए। आदरणीय सचिव महोदया सहित सभी वरिष्‍ठ अधिकारियों ने एसोसिएशन के कलेंडर अभियान की सराहना की।  

उल्‍लेखनीय है कि इस बार केंद्र सरकार का आधिकारिक कलेडर विलंब से आने के कारण हर तरफ से एसोसिएशन के इस कलेंडर की भारी मांग रही है। एसोसिएशन ने प्रयास किया है कि इसके सभी सदस्‍यों तक जल्‍द से जल्‍द इसकी प्रति पहुंंच सके। इसके लिए विभिन्‍न नोडल अधिकारियों को जिम्‍मेदारी सौंपी गई। 

जो साथी अभी तक कलेंडर प्राप्‍त नहीं कर पाए हैं वे निम्‍न नोडल कार्यालयों से अथवा एसोसिएशन के कार्यालय कक्ष सं. 66, उद्योग भवन से अधिकतम 07 फरवरी तक कलेंडर प्राप्‍त कर सकते हैं: 

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन के वर्ष 2025 के कैलेंडर वितरण के लिए नोडल अधिकारियों/कार्यालयों का विवरण

क्रम सं.

भवन

नोडल अधिकारी

संपर्क

1.       

1. निर्माण भवन

2. विज्ञान भवन एनेक्‍सी

श्रीमती विशाखा बिष्‍ट,

व. अनु. अधि.,

स्‍वास्‍थ्‍य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस)

कक्ष सं. 741 A,  ए विंग,

निर्माण भवन (गेट नंबर 5 से प्रवेश)

9999868956

2.       

1. नॉर्थ ब्‍लॉक एवं

2. साउथ ब्‍लॉक

के कार्यालय

सुश्री नेहा शर्मा,

वरिष्‍ठ अनुवाद अधकारी,

डीओपीटी

द्वितीय तल, डीओपीटी

 

9899631946

3.       

1.   शास्‍त्री भवन


2.   कृषि भवन

श्री विमल सिंह,

क. अनु. अधि,

सूचना प्रसारण मंत्रालय

कक्ष सं. 116-ए, प्रथम तल, सूचना प्रसारण मंत्रालय

8604905522

4.       

1. श्रमशक्ति भवन

2. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय

3. पोत परिवहन मंत्रालय

4. पर्यटन मंत्रालय

श्री संजय कुमार,

वरि. अनु. अधिकारी,

जल संसाधन मंत्रालय

जल संसाधन मंत्रालय,

श्रमशक्ति भवन

9350243690

 

5.       

एलआईसी बिल्डिंग

संचार भवन  

डाक भवन

वित्‍तीय सेवाएं विभाग पंचायती राज मंत्रालय

श्रीमती आशा भारद्वाज,

वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी,

संचार भवन

संचार भवन,

9953020467

 

 

6.       

आर के पुरम स्थित सभी कार्यालय

श्री प्रेम चंद,

वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी,

आरजीआई, आर. के. पुरम

कक्ष सं. 108, प्रथम तल, सेवा भवन, आर. के. पुरम

8527926343

 

7.       

सीजीओ

श्री अनूप सिंह, वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी, सीआईएसएफ, सीजीओ

09990663522

इसके अतिरिक्‍त अन्‍य कार्यालयों के साथी एसोसिएशन के कार्यालय कक्ष सं. 66, उद्योग भवन से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्‍त कर सकते हैं।

 

















Monday, 30 December 2024

27 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के पदोन्‍नति आदेश जारी

वर्ष 2024 की रिक्तियों के एवज में आज शाम 27 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी के पद पर पदोन्‍नति आदेश जारी किए गए। उल्‍लेखनीय है कि ये कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी 2017 बैच के हैं। एसोसिएशन सभी पदोन्‍नत अनुवाद अधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करती है। इस आदेश के साथ ही 5 वर्ष की न्‍यूनतम सेवाकाल पूरा कर चुके सभी कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी के पद पर पदोन्‍न‍त हो चुके हैं। पदोन्‍नति आदेश के लिए एसोसिएशन राजभाषा विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों का भी आभार व्‍यक्‍ त करती है।




Sunday, 22 December 2024

माननीय गृह राज्य मंत्री, श्री नित्यानंद राय जी से एसोसिएशन की मुलाकात

 साथियो,

एसोसिएशन ने अनुवाद अधिकारियों की प्रमुख समस्याओं को लेकर शुक्रवार शाम माननीय गृह राज्य मंत्री, श्री नित्यानंद राय जी से मुलाकात की। माननीय मंत्री जी ने सभी महत्वपूर्ण विषयों पर एसोसिएशन के पक्ष को गम्भीरतापूर्वक सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसोसिएशन इस सह्रदयता के लिए माननीय मंत्री जी का आभार प्रकट करती है 🙏




Monday, 4 November 2024

38 सहायक निदेशकों का पदोन्‍नति आदेश जारी, अब शेष रिक्‍त पदों को भरने की हो तैयारी

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा संवर्ग में सहायक निदेशक श्रेणी में वर्ष 2024 की रिक्तियों के एवज में कुल 38 वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के नियमित पदोन्‍न्‍‍ति आदेश दिनांक 29 अक्‍टूबर, 2024 को जारी कर दिए गए हैं। यह पदोन्‍न‍ति बहुप्रतीक्षित थी और विलंब से हुई है। फिर भी देर आयद दुरुस्‍त आयद। इस पदोन्‍नति के साथ ही सहायक निदेशकों के अभाव में कार्य का दबाव झेल रहे मंत्रालयों और विभागों को कुछ राहत मिल सकेगी। एसोसिएशन सभी पदोन्‍नत वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी साथियों के लिए शुभकामनाएं व्‍यक्‍त करती है और इस पदोन्‍नति को संभव बनाने के लिए राजभाषा विभाग के समस्‍त अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट करती है। हम आशा करते हैं कि सहायक निदेशकों की पदोन्‍नति में होने वाली इस विलंब की चिरकालीन समस्‍या से विभाग अगले प्रयास में मुक्‍त हो सकेगा। 

अभी भी सहायक निदेशक श्रेणी में 80 से अधिक पद रिक्‍त पड़े हैं जिसका कोई समाधान नहीं हो सका है। एसोसिएशन आशा करती है कि संवर्ग की इस रीढ़ की हड्डी को सुदृढ करने के लिए विभाग जल्‍द ही इस समस्‍या का समाधान करेगा ताकि वर्षों से पदोन्‍नति की राह देख रहे वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों का मनोबल सुदृढ हो सके। 

पुन: सभी पदोन्‍नत होने वाले साथियों को बहुत- बहुत बधाई। 


https://rajbhasha.gov.in/sites/default/files/sewa29oct24_0.pdf 






Wednesday, 21 August 2024

कार्यकारिणी की 8वीं बैठक संपन्‍न, संवर्ग से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई

केंद्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवाद अधिकारी एसोसिएशन की 8वीं बैठक दिनांक 13 अगस्‍त, 2024 को संपन्‍न हुई। इस बैठक में निम्‍नलिखित विषयों पर विस्‍तार से चर्चा की गई और भावी कार्ययोजना की रूपरेखा तय की गई।

 

कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने वाले पदाधिकारी एवं सदस्‍य

1. वर्ष 2024 के सहायक निदेशकों की डीपीसी की स्थिति

महासचिव श्री सुनील चौरसिया ने सदस्‍यों को सूचित किया कि कुछ समय पूर्व सहायक निदेशक से उप निदेशक ग्रेड में कुल 7 पदोन्‍नतियों के कारण वर्ष 2024 में पदोन्‍नति श्रेणी में सहायक निदेशक की कुल 5  रिक्तियां बढ़ जाने के कारण इन्‍हें भी पदोन्‍नति के लिए शामिल कर लिया गया है। विचारक्षेत्र में  3 और वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को शामिल करने और उनके दस्‍तावेज मंगाने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। परंतु अब पुन: यूपीएससी द्वारा एक बार फिर कुछ और अनुवाद अधिकारियों के दस्‍तावेजों की मांग की गई है। इस प्रकार यूपीएससी द्वारा बार-बार दस्‍तावेजों की मांग करने से मामले में विलंब हो रहा है। इस वर्ष लगभग 38 वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी सहायक निदेशक के रूप में पदोन्‍नत होंगे। 

 2. सहायक निदेशक के सीधी भर्ती के रिक्‍त 78 पदों को पदोन्‍नति के माध्‍यम से भरा जाना : अध्‍यक्ष, श्री सौरभ आर्य ने सदस्‍यों को अवगत कराया कि इस समय संवर्ग में सहायक निदेशक के सीधी भर्ती के कुल 78 पद रिक्‍त पड़े हैं जोकि वर्ष 2015 के बाद के विभिन्‍न वर्षों के दौरान सृजित हुए हैं। सहायक निदेशक का पद इस संवर्ग की रीढ़ की हड्डी है। इस स्थिति में संवर्ग के सहायक निदेशक और कनिष्‍ठ एवं वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारी भारी दबाव में कार्य कर  रहे हैं। एसोसिएशन ने इन पदों को पदोन्‍नति के माध्‍यम से भरने के लिए डीओपीटी से वन टाइम रिलेक्‍सेशन मांगने के लिए दिनांक 08 अगस्‍त, 2024 को एक अभ्‍यावेदन दिया है। एसोसिएशन का मानना है कि इन 78 पदों में से केवल कुछ पदों के लिए छूट मांगे जाने से समस्‍या का समाधान नहीं होगा और इन 78 पदों में से सीधी भर्ती का कोई भी प्रयास नए विवादों को ही जन्‍म देगा और यह समस्‍या कभी नहीं सुलझ पाएगी। अतएव, एसोसिएशन ने विभाग से आग्रह किया है कि इन समस्‍त 78 पदों के संबंध में एक बारगी छूट के लिए प्रस्‍ताव आगे बढ़ाया जाए।

इसके साथ ही भविष्य के लिए भर्ती नियमों में संशोधन करने के दिनांक 21.03.2024 अनुरोध को भी दोहराया है। साथ ही एसोसिएशन ने विभिन्‍न तथ्‍यों के माध्‍यम से यह भी रेखांकित किया है कि सीधी भर्ती के माध्‍यम से आने वाले सहायक निदेशक किसी भी प्रकार से संवर्ग के लिए उपयुक्‍त नहीं होंगे और न ही वे ऐसी कोई योग्‍यता रखेंगे जो संवर्ग के वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को पास न हो। 

3. ऑनलाइन अपार प्रणाली की स्थिति: ऑनलाइन एपीएआर प्रणाली इस एसोसिएशन का पहले दिन से ही ध्‍येय रहा है। इस संबंध में एसोसिएशन ने पहली ही बैठक में आदरणीय सचिव महोदया के समक्ष इस संबंध में अनुरोध किया था। हर्ष का विषय है कि विभाग ने अपने स्‍तर पर इस परियोजना के लिए भारी-भरकम बजट स्‍वीकृत कर दिया है और हम आशा करते हैं कि विभिन्‍न औपचारिकताओं को पूरा करने के उपरांत यह परियोजना लागू हो जाएगी और सवंर्ग के सभी अधिकारी अगले वर्ष अपनी एपीएआर ऑनलाइन प्रणाली में भर पाएंगे। इससे एपीएआर के गुम होने, विभाग तक समय पर न पहुंचने, वरिष्‍ठ अधिकारियों द्वारा समय पर एपीएआर न लिखने जैसी समस्‍याएं हमेशा के लिए समाप्‍त हो जाएंगी।  इस प्रणाली के लागू होने के उपरांत डीपीसी के समय दस्‍तावेजों को एकत्र करने में लगने वाले अनावश्‍यक समय की भी बचत हो सकेगी।  

4. एसोसिएशन के पंजीकरण की स्थिति: एसोसिएशन संगठन का पंजीकरण कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस संबंध में दिनांक 04 जून को साकेत कोर्ट में आवेदन कर दिया गया था। तदुपरांत संबंधित कार्यालय द्वारा आगामी औपचारिकताओंं के लिए विभिन्‍न विभागों को पत्र लिख दिए गए हैं। आशा है कि शीघ्र ही पंजीकरण संबंधी समस्‍त औपचारिकताएं पूर्ण हो जाएंगी और हमारा संगठन पंजीकृत हो जाएगा। 


5. पदोन्‍नति पूर्व प्रशिक्षण: पदोन्‍नति पूर्व प्रशिक्षणों को समय से आयोजित करने के संबंध में एसोसिएशन विभाग के अधिकारियों के निकट संपर्क में रहकर समय-समय पर स्‍मरण कराती रहती है। हम विभाग के अधिकारियों के आभारी हैं कि वे भी इस संबंध में सजगता से आगे बढ़ते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम में 29 सहायक निदेशकों तथा 4 कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके उपरांत वरिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों का भी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। 

6. ग्रेड वेतन संबंधी मामले की स्थिति: जैसा कि आप सभी को विदित है कि इस समय हमारे संवर्ग की एक साथी सुश्री बीनू के. बी. का ग्रेड वेतन संबंधी मामला एर्नाकुलम कैट में विचाराधीन है। इस मामले में विगत 5 अगस्‍त को सुनवाई हुई थी और मामले में 11 नवंबर को अंतिम निर्णय के लिए तारीख निश्चित की गई है। उधर कुछ और मामले देश के उच्‍च न्‍यायालयों में विचाराधीन हैं जिनके निर्णय के आलोक में एसोसिशन द्वारा कोई भी सुविचारित कदम उठाया जाएगा। 

7. वर्ष 2022 के कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों का  नियमितीकरण: वर्तमान में वर्ष 2019 के कुछ कनिष्‍ठ अधिकारियों का नियमितिकरण का मामला विभाग में विचाराधीन है। एसोसिएशन ने 2022 बैच के शीघ्र नियमितीकरण के संबंध में विभाग से अनुरोध किया है। कुछ ही समय में वर्ष 2022 के कनिष्‍ठ अनुवाद अधिकारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 

इस बैठक में निम्‍नलिखित पदाधिकारियों एवं सदस्‍यों ने भाग लिया : 

1. श्री सौरभ आर्य, अध्‍यक्ष

2. श्रीमती विशाखा बिष्‍ट, उपाध्‍यक्ष

3. श्री विमल सिंह, उपाध्‍यक्ष

4. श्री सुनील चौरसिया, महासचिव 

5. श्री अतुल कुमार तिवारी, संयुक्‍त सचिव 

6. श्री मुकेश कुमार सिन्‍हा, सदस्‍य 

7. श्रीमती जोनिता बाली, सदस्‍य 

8. श्री धर्मवीर, सदस्‍य

9. श्रीमती आशा, सदस्‍य

10. श्रीमती कल्‍पना सिंह, सदस्‍य

11. श्री निशांत शर्मा, सदस्‍य 

12. श्रीमती मोनिका, सदस्‍य

13. श्री अंचल रूहेला, सदस्‍य