Tuesday, 12 March 2013

वर्ष 2009 बैच के अनुवादकों को स्‍थाई किए जाने संबंधी आदेश जारी

वर्ष 2009 बैच के स्‍थाई होने वाले समस्‍त अनुवादकों को बधाई. आज दिनांक 12.03.2013 को विभागीय पदोन्‍नति समिति की सिफारिश पर राजभाषा विभाग ने कुल 42 अनुवादकों के स्‍थाईकरण आदेश जारी कर दिए हैं. 
http://www.rajbhasha.nic.in/sewa12mar13.pdf

Monday, 4 March 2013

विभिन्‍न मुद्दों पर अद्यतन जानकारी

प्रिय साथियो, इस समय अनुवादकों से जुडे तमाम विषयों पर विभिन्न स्‍तरों पर कार्रवाई चल रही है. जिन पर अद्यतन जानकारी इस प्रकार है: 

1. कैट में विचाराधीन 1986 केस: 
इस केस में आखिरी तारीख 28 फरवरी थी परंतु इस तिथि को बैंच के न बैठने के कारण अब अगली तारीख 4 अप्रैल, 2013 निर्धारित की गई है।

2. वरिष्ठं अनुवादक से सहायक निदेशक के पद पर तदर्थ पदोन्निति: 
इस संबंध में एसोसिएशन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत जारी है। यह मामला एसोसिएशन की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है आशा है शीघ्र ही कोई सकारात्मक कार्रवाई इस दिशा में होगी।

3. कनिष्ठ अनुवादकों हेतु 4600 रू. ग्रेड वेतन संबंधी मामला: 
इस संबंध में एसोसिएशन द्वारा दिए गए प्रतिवेदन पर विभाग के अधिकारियों द्वारा फाइल राजभाषा विभाग के सचिव महोदय को वित्त मंत्रालय को प्रेषित करने हेतु प्रस्‍तुत कर दी गई है।

4. वर्ष 2009 बैच के अनुवादकों का स्थाईकरण: 
इस संबंध में एसोसिएशन द्वारा गत 28 फरवरी को सचिव, राजभाषा विभाग को एक प्रतिवेदन देकर ऐसे सभी अनुवादकों के स्थाईकरण आदेश जारी करने का अनुरोध किया था जिनके वांछित दस्तावेज विभाग को प्राप्त हो चुके हैं। हर्ष का विषय है कि सचिव महोदय ने इस संबंध में अपनी अनुमति प्रदान कर दी है और एक-दो दिनों में ही विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

5. नए भर्ती नियम: 
नए आर.आर. संबंधी मामला इस समय प्रगति में है। इस विषय में डीओपीटी द्वारा राजभाषा विभाग से कुछ जानकारी मांगी गई थी. जिसका उत्तर राजभाषा विभाग ने डीओपीटी को उपलब्ध करा दिया है। अब आशा है कि इस मामले में तीव्र गति से प्रगति होगी।

Tuesday, 29 January 2013

आम सभा की बैठक 31 जनवरी को अपराह्न 1.30 बजे


केन्‍द्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिएशन की आम सभा की बैठक दिनांक 31.01.2013 को अपराह्न 1.30 बजे बोट क्‍लब पर आयोजित की जानी निर्धारित की गई है । इस बैठक में चर्चा एवं अनुमोदन के लिए निम्‍नलिखित विषय होंगे :-

1.       केन्‍द्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिशन के संविधान का अनुमोदन।
2.       संवर्ग के हित के लिए भविष्‍य की योजनाएं ।
3.       अध्‍यक्ष की अनुमति से अन्‍य महत्‍वपूर्ण मुद्दे ।

संवर्ग के सभी अनुवादकों (तदर्थ सहायक निदेशक सहित) से सहृदय निवेदन है कि वे उक्‍त बैठक में अवश्‍य ही उपस्थित हों ताकि स्‍वस्‍थ एवं सार्थक चर्चा हो सके ।

इस आशय का परिपत्र फेसबुक समूह  CSOLS   पर भी उपलब्‍ध है । 
https://www.facebook.com/groups/102662746540329/

Friday, 18 January 2013

सचिव, राजभाषा विभाग के साथ बैठक संपन्‍न


एसोसिएशन के एक 5 सदस्‍यीय प्रतिनिधिमण्‍डल की आज शाम राजभाषा विभाग के सचिव श्री ए. के. जैन के साथ एक महत्‍वपूर्ण बैठक संपन्‍न हुई । इस बैठक में एसोसिएशन द्वारा सहायक निदेशक (राजभाषा) के पद पर शीघ्र ही तदर्थ पदोन्‍नति किए जाने - तदर्थ सहायक निदेशकों को नियमित किए जाने, कनिष्‍ठ अनुवादकों हेतु 4600 रू ग्रेड वेतन की मांग तथा नए भर्ती नियमों में संवर्ग के हित में संशोधन किए जाने संबंधी विभिन्‍न मांगों के संबंध में कुल तीन प्रतिवेदन सौंपे गए । उपर्युक्‍त तीनों विषयों पर सचिव महोदय के साथ विस्‍तार से चर्चा की गई । सचिव महोदय ने भी इन मुद्दों पर पूरी रूचि दिखाते हुए उन्‍हें गंभीरता से समझा और तीनों ही विषयों पर सकारात्‍मक कार्रवाई का आश्‍वासन देते हुए आवश्‍यक निदेश जारी कर दिए हैं ।

Friday, 11 January 2013

कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए महत्‍वपूर्ण निर्णय


केन्द्रीय सचिवालय राजभाषा सेवा अनुवादक एसोसिएशन की कार्यकारिणी की एक बैठक दिनांक 09 जनवरी, 2013 को अपराह्न 1.30 बजे नॉर्थ ब्लॉक के निकट आयोजित की गई । इस बैठक में एसोसिएशन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से निम्नलिखित निर्णय लिए गए:

1.    संवर्ग में सहायक निदेशक (राजभाषा) के रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने तथा पहले से कार्यरत तदर्थ सहायक निदेशकों को नियमित किए जाने के संबंध में मांग करना।

2.    कनिष्ठ अनुवादकों के लिए 4600 रू ग्रेड पे की मांग संबंधी अभ्यावेदन का विभाग को शीघ्र सौंपा जाना ।

3.    प्रस्‍तावित नए भर्ती नियमों में सहायक निदेशक (राजभाषा) के पद पर सीधी भर्ती के नियम में अनुवाद एवं कार्यान्वयन संबंधी अनुभव को अनिवार्य रूप से शामिल कराने हेतु पुन: अनुरोध करना । उल्‍लेखनीय है कि एसोसिएशन पूर्व में भी इस संबंध में एक प्रतिवेदन विभाग को दे चुकी है।

4.    जो अनुवादक एवं तदर्थ सहायक निदेशक पहले एसोसिएशन की सदस्यता नहीं ग्रहण कर सके उनके लिए उपाध्यक्ष श्री अवनी कर्ण के नेतृत्व  में एक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा ।

5.    आने वाले समय में एसोसिएशन के संभावित व्यय के मद्देनज़र सभी अनुवादकों तथा तदर्थ सहायक निदेशकों से 1000 रू की राशि अंशदान के रूप में एकत्र करना । जिन साथियों ने हाल ही में 1000 रू का अंशदान दिया है उनसे यह राशि नहीं ली जाएगी ।

6.    एसोसिएशन एक साथ विभिन्न मोर्चों पर और अधिक प्रभावी रूप से कार्य कर सके इसके लिए एसोसिएशन के समस्त  पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के सदस्यों को शामिल करते हुए कुछ उप-समितियों का गठन किया गया है जिनका विस्तृत विवरण शीघ्र ही यहां साझा किया जाएगा।

7.    एसोसिएशन की आम सभा की बैठक दिनांक 31 जनवरी, 2013 को दोपहर 1 बजे बोट क्‍लब पर आयोजित होगी । 

Tuesday, 1 January 2013

सभी अनुवादक साथियों को नव वर्ष की मंगलकामनाएं

सभी अनुवादक मित्रों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं. मित्रो एसोसिएशन का गठन ऐसे समय में हुआ जब चुनौतियों हमारे चारों तरफ मौजूद थीं. हर मोर्चे पर एक नई जंग की जरूरत थी. हमारा हौसला बढ़ाने वाले लोग कम थे और तोड़ने वाले ज्‍यादा. मगर आप सबका समर्थन और एसोसिएशन में विश्‍वास हमारा संबल बना रहा. जिस धैर्य के साथ आपने हमारा साथ दिया इसके लिए आज एसोसिएशन आपका तहे दिल से शुकिया करती है. अभी हम सबने मिलकर जो लड़ाई जीती है वह हमें आगामी प्रयासों के लिए और हौसला देती है. पूरी तस्‍वीर बदलने में वक्‍त जरूर लगेगा पर चीजें अब सही पथ पर आना शुरू हो चुकी हैं. हमें आशा है कि आने वाले समय में भी आप सभी इसी प्रकार धैर्यपूर्वक एसोसिएशन को अपना सहयोग देते रहेंगे. हम लडेंगे साथी और हर जंग जीतेंगे. पुन: आपको एवं आपके समस्‍त परिवार को नववर्ष की बहुत बहुत मंगलकामनाएं :)

Friday, 28 December 2012

कनिष्‍ठ अनुवादक से वरिष्‍ठ अनुवादक के पद पर तदर्थ पदोन्‍नति आदेश जारी.

लीजिए दोस्‍तो पदोन्‍नति का चक्र पूरा हुआ. तदर्थ पदोन्‍नति आदेश जारी हो चुका है. सभी पदोन्‍नत होने वाले साथियों को बहुत बहुत बधाई. 
http://www.rajbhasha.nic.in/sewa28adec12.pdf

वर्ष 2011 की रिक्तियों के विरूद्ध नियमित पदोन्‍नति आदेश जारी..

प्रिय मित्रो वर्ष 2011 की रिक्तियों के विरूद्ध पदोन्‍नति आदेश जारी हो चुका है. और तदर्थ पदोन्‍नति का आदेश भी जल्‍द ही जारी होने जा रहा है. पदोन्‍नति पाने वाले सभी अनुवादक साथियों को हार्दिक बधाई. :)
http://www.rajbhasha.nic.in/sewa28dec12.pdf

Wednesday, 26 December 2012

कृपया धैर्य बनाए रखें और त्‍वरित कार्रवाई में विभाग को सहयोग दें....आदेश शीघ्र जारी हो रहे हैं.

प्रिय मित्रो पूर्व में हमने आप सभी को सूचित किया था कि अनुवादकों के नियमितीकरण तथा पदोन्‍नति संबंधी तीनों फाइलें अनुमोदित हो चुकी हैं. तब से लेकर अभी तक राजभाषा विभाग के समस्‍त अधिकारी तमाम औपचारिकताओं को संपन्‍न कर आदेश तैयार करने में व्‍यस्‍त रहे हैं. आज भी राजभाषा विभाग में इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ कार्य हो रहा है. आप सभी से एक विनम्र अनुरोध है कि आप व्‍यक्तिगत रूप से विभाग के अधिकारियों से मिलकर अपनी पोस्टिंग आदि के लिए उन्‍हें नाहक तंग न करें. क्‍योंकि यदि हम लोग ही बीच बीच में वहां जाकर संबंधित अधिकारियों के कार्य में व्‍यवधान डालेंगे तो यह आदेश समय पर जारी नहीं हो पाएंगे. ट्रांसफर पोस्टिंग के संबंध में विभाग एक सामान्‍य नीति के तहत ही कार्य कर रहा है. जिन साथियों को वर्तमान कार्यालयों में 10 वर्ष हो चुके हैं उनका अनिवार्य रूप से तबादला किया जाएगा. आज शाम तक वरिष्‍ठ अनुवादों के नियमितीकरण तथा नियमित पदोन्‍नति आदेश जारी हो जाएंगे तथा तदर्थ आधार पर पदोन्‍नति आदेश कल सुबह तक जारी किए जाएंगे. तब तक धैर्य बनाएं रखें एवं निश्‍चिंत रहें....एसोसिएशन इस प्रगति पर निगाह बनाए हुए है. कुछ देर पूर्व पहला आदेश जारी हो चुका है कृपया लिंक देखें:
http://www.rajbhasha.nic.in/sewa26dec12.pdf

Friday, 21 December 2012

पदोन्‍नति आदेश और नियमितिकरण की फाइलें अनुमोदित हुईं..... अनुवादक साथियों को हार्दिक बधाई

प्रिय मित्रो....खुशखबरी है. अंतत: हम सफल हुए. अभी अभी हमें सूचना मिल रही है कि वरिष्‍ठ अनुवादकों के नियमितीकरण, वरिष्‍ठ अनुवादकों के रूप में नियमित पदोन्‍नति और तदर्थ वरिष्‍ठ अनुवादकों की पदोन्‍नति संबंधी तीनों फाइल सचिव महोदय द्वारा अनुमोदित हो गई हैं. आदेश जल्‍द ही जारी हो जाऐंगे. सभी अनुवादक मित्रों को हार्दिक बधाई. :)